गिरिडीह में दहेज के लिए नवविवाहिता की हत्या, एक महीने पहले की थी लव मैरेज

बाइक के लिए पत्नी की हत्या का आरोप

गिरिडीह के पीरटांड़ थाना क्षेत्र में रविवार रात एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत का मामला सामने आया है। मृतका गुलाब टुडू की शादी एक महीने पहले सुराबीन हेम्ब्रम से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष उसे प्रताड़ित कर रहा था और अपाची बाइक की मांग कर रहा था। मृतका के मायकेवालों ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है।

बेहोशी की हालत में पुल पर मिली थी गुलाब

रविवार शाम को बराकर नदी पुल पर पुलिस को गुलाब टुडू बेहोशी की हालत में मिली थी। उसके मुंह से झाग निकल रहा था। पुलिस ने उसे गंभीर हालत में सदर अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

शादी के एक हफ्ते बाद से शुरू हुई प्रताड़ना

मृतका की मौसी फुलमुनी देवी ने बताया कि 17 जनवरी को सुराबीन हेम्ब्रम गुलाब को भगा कर ले गया था। बाद में परिजनों की सहमति से दोनों की शादी हो गई। शादी के एक हफ्ते बाद ही सुराबीन गुलाब को प्रताड़ित करने लगा और उसे जान से मारने की धमकी देने लगा।

पहले भी की गई थी पुलिस में शिकायत

बड़कीगांव के वार्ड सदस्य डिस्टीक हेम्ब्रम ने बताया कि गुलाब की ससुराल वाले दहेज में अपाची बाइक की मांग कर रहे थे और उसे प्रताड़ित कर रहे थे। इस मामले में पहले ही पीरटांड थाना में आवेदन दिया गया था, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

न्यूज़ देखो:

गिरिडीह में इस तरह की घटनाएं चिंता का विषय हैं। दहेज प्रथा समाज के लिए एक काला धब्बा है। ताजा अपडेट और अन्य महत्वपूर्ण खबरों के लिए जुड़े रहें ‘न्यूज़ देखो’ के साथ।

Exit mobile version