Politics

झारखंड की चुनावी रैली में खड़गे का BJP पर निशाना: कहा, मोदी सरकार करती है कांग्रेस की योजनाओं की नकल

“यह चुनाव झारखंड को बचाने का चुनाव है,” खड़गे

रांची: झारखंड में चुनावी जनसभा के दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भाजपा पर तीखे हमले किए। उन्होंने कहा कि भाजपा-एनडीए सरकार कांग्रेस की योजनाओं की नकल करती है और खुद का कोई ओरिजिनल विचार नहीं रखती। खड़गे ने उदाहरण देते हुए बताया कि कांग्रेस ने कर्नाटक में भाग्यलक्ष्मी योजना शुरू की थी, जिसका कॉपी करते हुए भाजपा ने गोगो दीदी योजना और लाडली बहना योजना लाई है।

खड़गे ने आगे कहा, “प्रधानमंत्री मोदी के वादों का कद भी उनके जितना ही होता है, जब मापो तो कम निकलता है। मोदी जी केवल बड़े-बड़े वादे करते हैं, पर धरातल पर कुछ नहीं उतरता।” उन्होंने झारखंड में चुनावी माहौल को भड़काने के लिए भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा के नेता सिर्फ अपने राजनीतिक हित के लिए बांग्लादेशी घुसपैठ जैसे मुद्दों का सहारा लेते हैं, परंतु इस पर ठोस कार्रवाई करने में असफल हैं।

झारखंड के संसाधनों पर भाजपा की नजर

खड़गे ने भाजपा पर झारखंड के संसाधनों का दोहन करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा की मंशा केवल झारखंड के ‘ब्लैक गोल्ड’ (कोयला) पर कब्जा करने की है। उन्होंने कहा, “देश के 5% अमीरों के पास 60% दौलत है, जबकि गरीब 50% लोगों के पास केवल 3% संपत्ति है। भाजपा केवल अमीरों के लिए ही काम कर रही है।”

संविधान में बदलाव की आशंका जताई

खड़गे ने यह भी आरोप लगाया कि अगर प्रधानमंत्री मोदी को पूरी ताकत मिल जाती, तो वे संविधान में बदलाव करने से भी पीछे नहीं हटते। उन्होंने झारखंड के लोगों को आगाह करते हुए कहा कि भाजपा को वोट देने से झारखंड के हितों को खतरा है। “यह चुनाव झारखंड को बचाने का चुनाव है,” खड़गे ने कहा।

ओबीसी, एससी, एसटी आरक्षण पर भी सवाल

आरक्षण के मुद्दे पर खड़गे ने मोदी सरकार पर सवाल खड़े किए। उन्होंने पूछा कि अगर प्रधानमंत्री ओबीसी, एससी और एसटी के हितैषी हैं, तो क्यों नहीं झारखंड में इन वर्गों के आरक्षण को बढ़ाया गया है? उन्होंने झारखंड सरकार द्वारा भेजे गए एससी-एसटी आरक्षण बढ़ाने के प्रस्ताव का हवाला देते हुए कहा कि अब तक केंद्र सरकार ने इस पर कोई कदम नहीं उठाया है।

झारखंड के कोयला बकाया पर उठाए सवाल

खड़गे ने झारखंड के कोयला बकाया के 1.36 लाख करोड़ रुपये की भी मांग की। उन्होंने भाजपा के राज्य नेताओं पर सवाल उठाते हुए कहा, “आखिर राज्य भाजपा इस मुद्दे पर चुप क्यों है?”

झारखंड विधानसभा चुनाव का पहला चरण 13 नवंबर और दूसरा चरण 20 नवंबर को होने जा रहा है। खड़गे ने मांडू में अपनी रैली के दौरान जनता से जयप्रकाश भाई पटेल के समर्थन में वोट देने की अपील की। इसके अलावा, खड़गे ने कांके विधानसभा क्षेत्र में भी एक सभा को संबोधित किया।

यह खबर आपके लिए कितनी महत्वपूर्ण थी?

रेटिंग देने के लिए किसी एक स्टार पर क्लिक करें!

इस खबर की औसत रेटिंग: 0 / 5. कुल वोट: 0

अभी तक कोई वोट नहीं! इस खबर को रेट करने वाले पहले व्यक्ति बनें।

चूंकि आपने इस खबर को उपयोगी पाया...

हमें सोशल मीडिया पर फॉलो करें!

IMG-20251223-WA0009
IMG-20250723-WA0070
आगे पढ़िए...

नीचे दिए बटन पर क्लिक करके हमें सोशल मीडिया पर फॉलो करें


Related News

Back to top button
error: